चन्दौली -यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर दिनांक 11 सितंबर शुक्रवार को पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था, न्यायसंगत एवं भेदभावरहित पीएलआई तथा पेंशन समाधान सहित अन्य मांगों को लेकर चन्दौली जिले के बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल रहे। हड़ताल के दौरान जिले भर के बैंक कर्मियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन , वाराणसी अंचल के उपमहामंत्री कॉमरेड मनोज सिंह के निर्देशन में चन्दौली जिले के मुगलसराय रेलवे स्टेशन एस.बी.आई. शाखा के समक्ष हड़ताल का संचालन क्षेत्रीय सचिव कॉमरेड पंकज राय एवं अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में किया गया। विभिन्न बैंकों के कर्मचारी एवं अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकता एवं संघर्षशीलता का परिचय दिया। क्षेत्रीय सचिव कॉमरेड पंकज राय ने कहा कि बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पीएलआई के मामले में भेदभाव समाप्त कर सभी बैंक कर्मियों के लिए न्यायसंगत व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। इन मांगों को लेकर लंबे समय से वार्ता एवं संवाद के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाता रहा है, किंतु अभी तक कोई ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि आज बैंक कर्मचारी सीमित स्टाफ के बावजूद बढ़ते व्यवसाय, ग्राहक सेवा, डिजिटल बैंकिंग, अनुपालन, ऑडिट तथा विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कर रहे हैं। इसके बावजूद बैंक कर्मियों की वर्षों पुरानी एवं न्यायोचित मांगों की लगातार उपेक्षा किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
हड़ताल के दौरान बैंक कर्मियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों पर न्यायपूर्ण एवं सम्मानजनक समाधान प्राप्त करने के लिए है। बैंक कर्मियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि 11 सितंबर की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल ने बैंक कर्मियों की एकता, अधिकारों एवं सम्मान के लिए उनके दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित किया है। उपमहामंत्री कॉमरेड मनोज सिंह जी के निर्देशन तथा क्षेत्रीय सचिव कॉमरेड पंकज राय एवं अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में चन्दौली जिले के बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी पूर्ण एकजुटता के साथ हड़ताल में शामिल रहे और राष्ट्रव्यापी आंदोलन को सफल बनाया। इस अवसर पर पंकज राय, दिनेश कुमार यदाव, बलराम यदाव, नूर मोहम्मद, उमेश राय, अंकिता जोशी, अनिशा रंजन, मनमोहन सिंह, सर्वजीत मिश्रा रमेश यादव सहित दर्जनों बैंककर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed