भदोही- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को भदोही पहुंचे। एक बजकर 44 मिनट पर उनका हेलीकॉफ्टर पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड पर लैंड हुआ। जहां मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी, डीआईजी आरपी सिंह के साथ डीएम शैलेश कुमार और एसपी अभिमन्यु मांगलिक सांसद बिनोद बिंद समेत जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हेलीपैड से उतरने के बाद सीएम सीधे पुलिस लाइन सभागार में पहुंचे। जहां पर मौजूद भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर वतर्मान सियासी परिदृश्य पर चर्चा की। जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास को लेकर अनेक सौगात दीं। उन्होंने कहाकि भदोही अपनी बेहतरीन हस्तशिल्प के लिए जाना जाता है। यह जिला अच्छी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सांसद डॉ बिनोद बिंद ने जनसमस्याओं को लेकर बिगत महीनों गृहमंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रेल मंत्री व सड़क परिवहन मंत्री नितिन गटकरी से मिलकर जनसमस्या के समाधान के लिए पत्र सौंपा था जिसे आज मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मांग पर सीतामढ़ी के पास डेंगुरपुर में गंगा नदी पर ब्रिज और गोपीगंज-मीरजापुर के बीच रेलवे लाइन पर आरओबी के निर्माण की मांग को तत्काल स्वीकृति दे दी। सीएम योगी ने कहा कि मुख्यालय पर ऑडिटोरियम पहले से स्वीकृत है, लेकिन इसे मल्टीपर्पज हॉल के रूप में प्रस्तावित किया गया है ।
जिला मुख्यालय से जुड़ने वाले मार्गों की कनेक्टिविटी को तेज करने, अच्छा बनाने और पहले से स्वीकृत मिनी स्टेडियम को आगे बढ़ा सकें, इसके लिए भी बैठक में आवश्यक निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉरपेट उद्योग आज से 10 वर्ष पहले बहुत खराब स्थिति में था, लेकिन पीएम मोदी की प्रेरणा से यहां के हस्तशिल्पियों को जो प्रोत्साहन दिया गया। उसका परिणाम है कि यहां के कॉरपेट उद्योग के कारण देश में एक्सपोर्ट में 60 फीसदी योगदान यूपी का है। यूपी में जो एक्सपोर्ट हो रहा है, उसमें 60 फीसदी से अधिक शेयर अकेले भदोही जनपद का है। इसे जीआई टैग मिल चुका है। इसीलिए यहां पर कॉरपेट एक्सपो मार्ट भी बनाने में केंद्र व राज्य सरकार ने योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने यहां के जिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया। बोले कि यह पिछली सरकार के भ्रष्टाचार का जीवंत का स्मारक बन चुका था। हमने यहां के कार्य को फिर से प्रारंभ किया है। 50 बेडेड क्रिटिकल केयर के नए सेंटर को स्थापित करने के कार्य का निरीक्षण किया है। जिला अस्पताल के पुराने भवन के निर्माण कार्य के लिए सरकार ने धनराशि भी उपलब्ध करा दी है।
उन्होंने कहा कि भदोही में पीपीपी मोड में मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जा सकें इसके लिए मानकों को पूरा करने की तैयारी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने काशी नरेश राजकीय पीजी कॉलेज की चर्चा की। बोले कि लैंड की उपलब्धता मांगी गई है। यहां कृषि संकाय बन चुका है। मैनपॉवर उपलब्ध करा रहे हैं। यदि 50 एकड़ से अधिक लैंड है तो उसे स्टेट यूनिवर्सिटी के रूप में भी आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। यह भदोही की बड़ी उपलब्धि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भदोही में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधि व जनसहभागिता से मोरवा नदी के पुनरोद्धार का कार्य किया जा रहा है। सीएम ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को प्रभावी ढंग से बढ़ाने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed